India

Apr 08 2024, 16:28

अनंतनाग-राजौरी सीट पर दिलचस्प हुआ मुकाबला, महबूबा मुफ्ती और गुलाम नबी के बीच होगी टक्कर

#ghulamnabiazadvsmehboobamuftianantnagrajourilok_sabha

लोकसभा चुनाव में जम्मू कश्मीर की अनंतनाग-राजौरी लोकसभा सीट हॉट सीट बन गई है। अनंतनाग-राजौरी सीट पर इस बार चुनावी मुकाबला काफी रोचक हो गया है। इस सीट पर दो पूर्व मुख्यमंत्री चुनावी मैदान में हैं। एक ओर गुलाम नबी आजाद हैं तो दूसरी ओर महबूबा मुफ्ती। पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की मुखिया महबूबा मुफ्ती इस सीट पर पार्टी की उम्मीदवार होंगी जिनका मुकाबला पूर्व सीएम और डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव आजाद पार्टी (डीपीएपी) के अध्यक्ष गुलाम नबी आजाद से होगा।

लोकसभा चुनाव के लिए पीडीपी ने जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर की तीन सीटों के लिए उम्मीदवारों के नाम का ऐलान कर दिया है। जिसके अनुसार पीडीपी की अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती अनंतनाग-राजौरी लोकसभा सीट से चुनाव लड़ेंगी। जिनका मुकाबला गुलाम नबी आजाद से होंगे वाला है। वहीं वहीद पारा श्रीनगर लोकसभा तो फैयाज मीर बारामुला सीट से मैदान में होंगे। वहीद पारा पार्टी के यूथ विंग के अध्यक्ष हैं। वहीं मीर फैयाज पूर्व राज्यसभा के सदस्य हैं।

मुफ्ती ने 2004 और 2014 का चुनाव जीता

अनंतनाग सीट की बात करें तो यह हाई प्रोफाइल सीट रही है। यहां से महबूबा मुफ्ती ने 2004 और 2014 के चुनाव में इसी लोकसभा सीट से जीत दर्ज की थी। 4 जुलाई 2016 को उनके इस्तीफे से यह सीट खाली हो गई। इस्तीफे के करीब तीन साल तक यहां उपचुनाव नहीं हो पाया।

आजाद के लिए बहुत अहम है जीत

गुलाम नबी आजाद ने करीब दो साल पहले कांग्रेस का साथ छोड़ अपनी अलग डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव आजाद पार्टी का गठन किया था। जम्मू-कश्मीर में यह उनका दूसरा लोकसभा चुनाव होगा जिसमें वह उम्मीदवार हैं। पिछला चुनाव उन्होंने 2014 में कांग्रेस के टिकट पर उधमपुर-कठुआ सीट से लड़ा था, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। राजनीतिक पंडितों का कहना है कि अगर गुलाम नबी आजाद को राजनीति में अपनी पकड़ बनाए रखनी है तो यह चुनाव जीतना उनके लिए बहुत जरूरी है। ऐसा इसलिए क्योंकि लोकसभा चुनाव में हार विधानसभा चुनाव में उनकी पार्टी को कमजोर करेगी। गुलाम नबी आजाद का एक कमजोर बिंदु यह है कि उनके साथ में कोई बड़ा चेहरा नहीं है। उनकी पार्टी केवल 2 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। कांग्रेस के राज में लगभग 20 साल केंद्रीय मंत्री रहे आजाद के लिए यह लोकसभा चुनाव या तो खेवनहार साबित होगा या उनकी राजनीतिक नैया डुबो देगा।

अनंतनाग राजोरी सीट पर 7 मई को होगा मतदान

अनंतनाग-राजोरी सीट पर तीसरे चरण में सात मई (मंगलवार) को मतदान होगा। इस सीट के लिए अधिसूचना 12 अप्रैल को जारी होगी। मई 2022 में परिसीमन के बाद अनंतनाग सीट में जम्मू संभाग के पीर पंजाल के राजोरी के क्षेत्रों को जोड़ा गया है। जोड़ा गया इलाका हिंदू और पहाड़ी समुदाय की आबादी वाला है। कभी मुस्लिम बहुल इस सीट पर कांग्रेस हैट्रिक लगा चुकी है। नेकां व पीडीपी भी यहां से कई बार जीत का स्वाद चख चुकी है। भाजपा इस सीट से कश्मीर में विजय का परचम लहराने के लिए मैदान में उतरेगी। भाजपा ने पहाड़ियों को जनजातीय का दर्जा और आरक्षण देकर यहां पर अपना दांव खेला है।

India

Apr 08 2024, 16:05

पहले किया अशोक चक्र का अपमान, अब मांगी माफीःमालदीव की पूर्व मंत्री मरियम शिउना का कारनामा

#maldives_ex_ministers_apology_after_post_linked_to_india_flag_sparks_row

मालदीव की पूर्व मंत्री मरियम शिउना ने भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने के बाद एक बार फिर से भारत का अपमान किया है। हालांकि, उन्होंने इसके लिए बाद में माफी भी मांग ली। दरअसल, मरियम ने मालदीव में होने वाले संसदीय चुनावों को लेकर देश की विपक्षी पार्टी मालदीवियन डेमोक्रेटिक पार्टी (एमडीपी) पर निशाना साधा है। एमडीपी को निशाना बनाने के लिए अशोक चक्र का इस्तेमाल किया। इससे जुड़ा एक पोस्ट सोशल मीडिया पर शेयर किया। विवाद होने के बाद मरियम ने इसे हटा दिया और माफी मांगी।

पोस्ट को हटाने के बाद शिउना ने भारत से माफी मांगी है। शिउना ने एक अन्य पोस्ट में कहा, मैं अपनी हालिया पोस्ट के कारण हुए किसी भी भ्रम या अपराध के लिए माफी मांगती हूं। यह मेरे ध्यान में लाया गया कि मेरे द्वारा उपयोग की गई छवि भारतीय ध्वज से मिलती जुलती है। मैं यह स्पष्ट करना चाहता हूं कि यह पूरी तरह से अनजाने में हुआ था। भविष्य में, मैं अपने द्वारा साझा की जाने वाली सामग्री को सत्यापित करने में अधिक सतर्क रहूंगी, ताकि फिर ये गलती न हो।

पोस्टर में अशोक चक्र और कमल का निशान

मरियम शिउना ने सोशल मीडिया एक्स पर शनिवार (6 अप्रैल) को उन्होंने अपनी पार्टी पीपीएम के लिए समर्थन जुटाने वाला एक पोस्ट किया था। जिसके पोस्टर में भारत के राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा में शामिल अशोक चक्र का इस्तेमाल किया था। विपक्षी पार्टी एमपीडी को निशाना बनाते हुए उन्होंने अशोक चक्र को पोस्टर में शामिल किया था। साथ ही उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा था ”एमडीपी रास्ता भटक रही है। मालदीव के लोग उनके साथ गलत रास्ते पर नहीं जाना चाहते। एमडीपी उनके यानी भारत के जाल में फंस रही है लेकिन हमें यानी मालदीव को उनके जाल में दोबारा फंसने की जरूरत नहीं है।"

इस पोस्टर को विपक्ष की पार्टी मालदीव डेमोक्रेटिक पार्टी के पोस्टर को बिगाड़ करके बनाया गया था। एमडीपी के पोस्टर में एक कम्पास था जिसकी जगह पर भारत के तिरंगा में शामिल अशोक चक्र लगा दिया गया था। वहीं सिर्फ अशोक चक्र ही नहीं बल्कि पोस्टर में बीजेपी का चुनाव चिन्ह कमल भी शामिल किया गया था। मरियम शिउना का ऐसा करने के पीछे का मकसद भारत का अपमान करने का था।

इसके पहले मरियम शिउना ने सोशल मीडिया पर पोस्ट में पीएम मोदी के लिए आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया था। इसी विवाद के बाद उन्हें मंत्री पद से बर्खास्त किया गया था। दरअसल, पीएम मोदी ने लक्षद्वीप दौरे का एक वीडियो शेयर किया था। इसमें खूबसूरती के लिहाज से लक्षद्वीप अब मालदीव को टक्कर देता नजर आया। इसके बाद सोशल मीडिया पर लोग कहने लगे कि लाखों रुपए खर्च कर मालदीव जाने से बेहतर है कि लक्षद्वीप जाएं।

इससे मालदीव के मंत्री और नेता नाराज नजर आए। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट में पीएम मोदी के लिए आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया। साथ ही कहा कि भारत सर्विस के मामले में मालदीव का मुकाबला नहीं कर सकता।

India

Apr 08 2024, 15:12

समय पर हस्तक्षेप से हालात में जबरदस्त सुधार हुआ', चुनाव के बीच मणिपुर हिंसा पर बोले PM मोदी

पीएम नरेंद्र मोदी ने मणिपुर हिंसा मामले में बयान दिया है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, केंद्र सरकार के वक़्त पर हस्तक्षेप करने एवं मणिपुर सरकार की कोशिशों की वजह से प्रदेश की स्थिति में जबरदस्त सुधार हुआ है। उन्होंने कहा कि हमने वहां संघर्ष को समाप्त करने के लिए अपने संसाधन और पूरी प्रशासनिक मशीनरी लगा दिया है। प्रधानमंत्री मोदी ने यह भी बताया कि मणिपुर में जब संघर्ष अपने चरम पर था, तब गृह मंत्री अमित शाह मणिपुर पहुंचे तथा विवाद को सुलझाने में सहायता के लिए अलग-अलग स्टेक होल्डर्स के साथ 15 से अधिक बैठकें कीं।

अपने एक इंटरव्यू में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, हमारा मानना ​​है कि स्थिति से संवेदनशीलता से निपटना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। इस बारे में मैं पहले ही संसद में बोल चुका हूं। हमने संघर्ष को सुलझाने के लिए अपने सर्वोत्तम संसाधन एवं प्रशासनिक मशीनरी समर्पित कर दी है। दरअसल, मोदी से पूछा गया था कि मणिपुर की स्थिति को कैसे आंकते हैं तथा प्रदेश में जातीय सद्भाव सुनिश्चित करने के लिए क्या कदम उठाए जा रहे हैं? 

आगे प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, भारत सरकार के समय पर हस्तक्षेप एवं मणिपुर सरकार के प्रयासों की वजह से प्रदेश की स्थिति में जबरदस्त सुधार हुआ है। जब संघर्ष अपने चरम पर था तब गृह मंत्री अमित शाह मणिपुर में रहे एवं संघर्ष को सुलझाने में सहायता के लिए विभिन्न हितधारकों के साथ 15 से अधिक बैठकें कीं। प्रदेश सरकार की आवश्यकता के मुताबिक, केंद्र सरकार निरंतर अपना सहयोग दे रही है। राहत एवं पुनर्वास की प्रक्रिया जारी है। प्रदेश में आश्रय शिविरों में रहने वाले लोगों की राहत एवं पुनर्वास के लिए एक वित्तीय पैकेज भी दिया गया है।

India

Apr 08 2024, 15:10

भारत के लिए भी क्यों जरूरी है मालदीव?

#why_maldives_important_for_india 

मालदीव के साथ भारत के सदियों पुराने सांस्कृतिक संबंध हैं। भारत के लिए मालदीव, आर्थिक, सामरिक और सांस्कृतिक नजरिए से बेहद अहम देश है। 1965 में आजादी के बाद मालदीव को सबसे पहले मान्यता देने वाले देशों में भारत शामिल था। बाद में भारत ने 1972 में मालदीव में अपना दूतावास भी खोला। मालदीव भारत का करीबी रहा है और जरूरत पड़ने पर भारत ही मालदीव की मदद करता रहा है। हालांकि हाल में दोनों देशों के बीच रिश्तों में तनाव ने जगह ले ली है। 

पिछले साल सितंबर में 54 फ़ीसदी वोटों के साथ राष्ट्रपति चुनाव में मोहम्मद मुइज़्ज़ू को जीत मिली थी। नवंबर में मुइज़्ज़ू ने द्वीपीय देश मालदीव के आठवें राष्ट्रपति के रूप में शपथ ली थी। मुइज़्ज़ू ने राष्ट्रपति बनते ही संकेत दे दिया कि उनकी विदेश नीति में भारत से दूरी बनाना प्राथमिकता में है। मुइज़्ज़ू ने शपथ लेने के बाद राष्ट्र के नाम पहले संबोधन में मालदीव से भारतीय सैनिकों की वापसी की बात दोहराई। उन्होंने पहला विदेश दौरा तुर्की का किया। मुइज़्ज़ू ने एक परंपरा तोड़ी क्योंकि इससे पहले मालदीव का नया राष्ट्रपति पहला विदेशी दौरा भारत का करता था। तुर्की के बाद मुइज़्ज़ू यूएई गए और अभी चीन के पाँच दिवसीय दौरे पर गए। 

मालदीव पर “मुलायम” रवैया

मालदीव में मोहम्मद मुइज़्ज़ू के राष्ट्रपति बनने के बाद से संबंधों में पहले से ही तनातनी थी। हालांकि, जैसे ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लक्षद्वीप में पर्यटन को बढ़ावा देने की पहल की तो दोनों देशों के बीच गतिरोध बढ़ गया। मालदीव में तीन मंत्रियों ने पीएम मोदी को लेकर अपमानजनक टिप्पणी भी की। जिसके बाद भारत ने भी सख्ती दिखाई। लेकिन अब, भारत ने मालदीव के साथ अपने संबंधों में तनाव के बावजूद बड़ा फैसला लिया है। भारत ने मोइज्जू सरकार के साथ संबंधों में खटास के बावजूद सामानों के निर्यात पर प्रतिबंध हटा दिया है। भारत विवाद के बावजूद मालदीव को जरूरी सामान भेजता रहेगा। खास बात ये है कि सामान की जो मात्रा तय की गई है वो 1981 के बाद सबसे ज्यादा होगी। ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि आखिर भारत की इस चाल के पीछे की वजह क्या है?

भारत के लिए अहम मालदीव

दरअसल, हिन्द महासागर में मालदीव भारत का एक अहम समुद्री पड़ोसी देश है। मालदीव की भौगोलिक स्थिति भारत की रणनीति के लिहाज से काफ़ी अहम है। हिन्द महासागर में चीन की बढ़ती दिलचस्पी के कारण मालदीव की अहमियत भारत के लिए और बढ़ गई है। मालदीव लक्षद्वीप से मात्र 700 किलोमीटर दूर है और भारत के मुख्य भूभाग से मात्र 1200 किलोमीटर की दूरी पर है। भारत की नेबरहुड फर्स्ट पॉलिसी और सागर सुरक्षा सहायता के तहत भी मालदीव जरूरी हो जाता है। मालदीव में मौजूदगी से भारत को हिंद महासागर के एक प्रमुख हिस्से पर नजर रखने की क्षमता मिल जाती है। हिंद महासागर में चीन अपना प्रभाव बढ़ाने के लिए कई देशों में मौजूदगी को बढ़ा रहा है तो दूसरी तरफ उसको रोकने के लिए भारत इन देशों में अपनी मौजूदगी को मजबूत बनाए रखना चाहता है। 

भारत के लिए क्यों अहम है मालदीव?

हिंद महासागर के अंदर लाइन ऑफ कम्युनिकेशन को सुरक्षित रखने के लिए मालदीव की लोकेशन से काफी कुछ हासिल कर सकते हैं। उदाहरण के लिए अगर आप सर्विलांस भी रखना चाहते हैं तो मालदीव की लोकेशन एक प्रकार का परमानेंट एयरक्राफ्ट कैरियर है। यूरोप में जब महायुद्ध हो रहा था तो माल्टा द्वीप (जोकि मेडिटरेनियन के अंदर है) की खासियत इसकी साइज नहीं था, उसका जियोग्राफिक लोकेशन था, जोकि स्ट्रैटेजिक या सामरिक बन जाता है। इसी दृष्टिकोण से इस वक्त मालदीव्स अपनी लोकेशन की वजह से बहुत अहम है और उसकी अहमियत को चीन ने बहुत अच्छी तरह समझ लिया है। 

इसलिए पिछले 500 साल के बाद चीन ने हिंद महासागर में पहली बार 2008 में प्रवेश किया। 2007-08 में समुद्री लुटेरों की वजह से चीन ग्लोबल एंटी पायरेसी एफर्ट का बहाना बनाकर यहां पर आ गया और तभी से उसके जहाज 24×7 यहां पर मौजूद रहते हैं। वह जिबूती से लेकर मालदीव, मालदीव से लेकर यूएई, पाकिस्तान और हिंद महासागर वेस्टर्न इंडियन ओशन में अपनी पकड़ बनाए हुए है और यह भारत को परेशान करने वाली बात है। हिंद महासागर अभी सामरिक और सामुद्रिक दृष्टिकोण से चीन के लिए, अमेरिका के लिए और भारत के लिए एक बहुत अहम क्षेत्र हो गया है और उसे दायरे में हमको मालदीव को समझना चाहिए।

हिंद महासागर में चीन अपनी ‘स्ट्रिंग ऑफ पर्ल्स’ रणीनीति पर काम कर रहा है। इसके तहत चीन हिंद महासागर के आस पास के देशों में रणनीतिक बंदरगाह बना रहा है, इंफ्रास्ट्रक्चर बना रहा है ताकि जरूरत पड़ने पर उनका मिलिट्री इस्तेमाल कर सके। चीन की मौजूदगी पाकिस्तान के ग्वादर से लेकर हॉर्न ऑफ अफ्रीका में जिबूती और श्रीलंका के हंबनटोटा तक है। ये बंदरगाह चीन की हिंदमहासागार रीजन में मिलिट्री पहुंच बढ़ा रहे हैं। एक्सपर्ट्स के मुताबिक अगर मालदीव से भारत की दूरी बढ़ी और चीन उनके ज्यादा करीब आ गया तो वह हिंद महासागर में परेशानी बढ़ा सकता है। साथ ही भारत का सारा समुद्री ट्रैफिक यहीं से आता है। अगर चीन वहां अपनी पकड़ बना कर कुछ हरकत करता है और भारत को अपना ट्रैफिक डायवर्ट करना पड़ता है तो यह महंगा भी साबित होगा।

India

Apr 08 2024, 13:34

लापरवाही या....? राहुल गांधी की रैली से पहले बैनर पर दिखी बीजेपी नेता की फोटो

#bjp_union_minister_faggan_singh_photo_on_rahul_gandhi_stage

राहुल गांधी आज से मध्य प्रदेश में लोकसभा चुनाव प्रचार की शुरुआत करेंगे। वह मंडला लोकसभा सीट के अंतर्गत सिवनी जिले के धनोरा में तथा शहडोल में जनसभा को संबोधित करेंगे। हालांकि, इससे पहले पार्टी की बड़ी फजीहत हो गई है। दरअसल, यहां मुख्य मंच पर जो बैनर लगाया गया है, उसमें बीजेपी से मंडला सीट से उम्मीदवार और केंद्रीय मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते की फोटो लगा दी गई। बता दें कि राहुल गांधी जिस कैंडिडेट के खिलाफ वोट मांगने आ रहे थे, मंच पर उसी की तस्वीर लग गई।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी मध्य प्रदेश के दौरे पर हैं। वह सिवनी जिले में लखनादौन विधानसभा के धनोरा गांव में जनता को संबोधित करेंगे। राहुल गांधी की रैली से एक दिन पूर्व मंच पर मुख्य बैनर लगाया गया। इस बैनर में कांग्रेस के दिग्गजों की फोटो लगाई गई थी। हालांकि, इस बैनर में कांग्रेस पार्टी ने बड़ी चूक कर दी। जिस लोकसभा में कांग्रेस अपने प्रत्याशी और पार्टी का प्रचार-प्रसार कर रही है, उसी बैनर में बीजेपी के केंद्रीय मंत्री एवं वर्तमान में मंडला संसदीय क्षेत्र के प्रत्याशी फग्गन सिंह कुलस्ते की फोटो लगा दी गई।

हालांकि, बाद में इस फोटो को आनन-फानन में बदल दिया गया। बीजेपी नेता की जगह कांग्रेस विधायक रजनीश हरवंश सिंह की फोटो लगा दी गई। बता दें कि मंडला में केंद्रीय मंत्री और छह बार के भाजपा सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते का मुकाबला पूर्व मंत्री और डिंडोरी-एसटी से चार बार के कांग्रेस विधायक ओंकार सिंह मरकाम से है, जो 2014 के मुकाबले की पुनरावृत्ति होगी, जब कुलस्ते ने जीत हासिल की थी।

वहीं, राहुल गांधी की सभा में मंच पर लगी भाजपा प्रत्याशी की तस्वीर को लेकर मुख्यमंत्री मोहन डॉ. यादव ने कटाक्ष किया है। सीएम ने कहा चुनाव को लेकर कांग्रेस गंभीर नहीं है। ऐसा लग रहा है कि कांग्रेस ने चुनाव के पहले ही हार मान ली है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि कांग्रेस, अपनी पार्टी और कार्यकर्ताओं का मजाक बनवा रही है, इससे समझ आता है कि कांग्रेस कितनी गंभीर है।

मध्य प्रदेश में लोकसभा चुनाव चार चरणों में कराए जाएंगे। पहले चरण का मतदान 19 अप्रैल को होगा, उसके बाद 26 अप्रैल, 7 मई और 13 मई को होगा। मध्य प्रदेश में कुल 29 लोकसभा क्षेत्र हैं, जो इसे संसदीय प्रतिनिधित्व के मामले में छठा सबसे बड़ा राज्य बनाता है। इनमें से 10 सीटें एससी और एसटी उम्मीदवारों के लिए आरक्षित हैं, जबकि बाकी 19 सीटें अनारक्षित हैं।

India

Apr 08 2024, 13:32

राम मंदिर पर कांग्रेस के रुख से निराश हैं..', खड़गे-सोनिया की रैली के अगले ही दिन भाजपा में शामिल हुए राजस्थान के कई दिग्गज नेता

 कांग्रेस नेताओं सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे की राजस्थान में सार्वजनिक बैठक के एक दिन बाद, पूर्व विधायक गंगाजल मील और PCC उपाध्यक्ष सुशील शर्मा सहित कई पार्टी नेता रविवार को पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए। सूरतगढ़ से कांग्रेस के टिकट पर विधानसभा चुनाव लड़ने वाले हनुमान मील, पूर्व PCC उपाध्यक्ष अशोक अवस्थी और कई अन्य लोग ओंकार सिंह लखावत, नारायण पंचारिया और अरुण चतुर्वेदी सहित भाजपा नेताओं की उपस्थिति में भाजपा में शामिल हुए।

सुशील शर्मा ने आरोप लगाया कि गुटबाजी के कारण कांग्रेस के समर्पित कार्यकर्ताओं में निराशा है। उन्होंने दावा किया कि उन्होंने वर्षों तक कांग्रेस के लिए काम किया लेकिन अब पार्टी कार्यकर्ताओं की सुनने वाला कोई नहीं है। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म में आस्था रखने वाले उनके जैसे कार्यकर्ता अयोध्या में राम मंदिर के मुद्दे पर कांग्रेस के रुख से निराश हैं। राजस्थान में सोनिया गांधी, एम खड़गे की रैली के अगले दिन, कई कांग्रेस नेता भाजपा में शामिल हुए। वे जयपुर में पार्टी के राज्य मुख्यालय में भाजपा में शामिल हुए। 

उन्होंने कहा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने न सिर्फ देश में, बल्कि विदेशों में भी अपनी ताकत का लोहा मनवाया है. इसी से प्रभावित होकर राष्ट्रवादी सोच के साथ मैंने कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में शामिल होने का फैसला किया है।" कांग्रेस के पूर्व विधायक मील ने PCC चीफ गोविंद सिंह डोटासरा और पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर विधानसभा चुनाव में टिकट वितरण में मनमानी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, "जब हमने इसकी शिकायत प्रदेश प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा से की तो उन्होंने भी हमारी बात नहीं सुनी। कांग्रेस में पूरी तरह से टांग खिंचाई चल रही है।"

कांग्रेस नेताओं के अलावा, सेवानिवृत्त अधिकारियों सहित विभिन्न क्षेत्रों के कई अन्य लोग जयपुर में पार्टी के राज्य मुख्यालय में भाजपा में शामिल हुए। राजस्थान में लोकसभा चुनाव दो चरणों में 19 और 26 अप्रैल को होंगे। पहले चरण में 19 अप्रैल को 12 सीटों गंगानगर, बीकानेर, चूरू, झुंझुनू, सीकर, जयपुर ग्रामीण, जयपुर, अलवर भरतपुर, करौली-धौलपुर, दौसा और नागौर में मतदान होगा। टोंक-सवाई माधोपुर, अजमेर, पाली, जोधपुर, बाड़मेर, जालौर, उदयपुर, बांसवाड़ा, चित्तौड़गढ़, राजसमंद, भीलवाड़ा, कोटा और झालावाड़-बारां की शेष 13 सीटों पर 26 अप्रैल को दूसरे चरण में मतदान होगा।

India

Apr 08 2024, 13:31

कंगना रनौत ने बीफ को लेकर कांग्रेस नेता के आरोपों पर दी सफाई, जानिए क्या कहा

डेस्क: महाराष्ट्र कांग्रेस के नेता विजय वडेट्टीवार ने दावा किया था कि कंगना रनौत बीफ और रेड मीट खाती हैं, जिसके बाद हिमाचल के मंडी सीट से बीजेपी की लोकसभा उम्मीदवार और बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत ने बीफ को लेकर बढ़ रहे विवाद पर सफाई दी है। कंगना रनौत ने बीफ और रेड मीट खाने को लेकर रिएक्ट करते हुए ट्वीट किया है। कंगना ने कहा है कि वो बीफ या रेड मीट नहीं खाती हैं और इन सब बातों को एक्ट्रेस ने झूठा कहा है। हिमाचल में 'बीफ' पर हो रही राजनीति पर अब कंगना ने रिएक्ट किया है। आइए जानते हैं उन्होंने क्या कहा...

कांग्रेस नेता के आरोपों पर भड़की कंगना रनौत

कंगना रनौत ने अपने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर बीफ और रेड मीट पर किए गए दावों को शर्मनाक बताया और कहा कि लोग उनकी छवि खराब करने की कोशिश कर रहे हैं। कंगना रनौत ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरीज और ट्विटर पर बीफ पर हो रहे विवाद पर रिएक्ट करते हुए कांग्रेस नेता पर निशाना साधा है। कंगना ने लिखा, 'मैं बीफ या किसी भी तरह का कोई भी रेड मीट का सेवन नहीं करती हूं, यह शर्मनाक है कि मेरे बारे में पूरी तरह से बिना किसी सबूत के अफवाहें फैलाई जा रही हैं।'

कंगना रनौत ने बीफ पर दी सफाई

बॉलीवुड क्वीन कंगना रनौत ने इस ट्वीट पर आगे सफाई देते हुए लिखा, 'मैं दशकों से योगिक और आयुर्वेदिक जीवन शैली के बारे में बात करते आई हूं। मेरी छवि खराब करने के लिए ऐसी रणनीति काम नहीं करेगी... मेरी जनता मुझे अच्छे से जानती हैं और वे जानते हैं कि मैं एक हिंदू हूं और ऐसी कोई भी झूठी खबर या अफवाह उन्हें कभी गुमराह नहीं कर सकती, जय श्री राम।'

बीफ पर हो रहा विवाद

बता दें, कांग्रेस नेता विजय वडेट्टीवार ने आरोप लगाया था कि कंगना रनौत ने पिछले दिनों कहा था कि वो बीफ खाती है। न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक वडेट्टीवार ने कहा, 'बीजेपी ने उस कंगना को टिकट दिया, जिन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा था कि उन्हें बीफ पंसद है और वो खाती हैं।' वहीं राजनीति में एंट्री करते ही एक्ट्रेस चर्चा में बनी हुई हैं।

India

Apr 08 2024, 12:57

उत्तरकाशी: वायु सेना का गगन शक्ति अभ्यास जारी, चिन्यालीसौड़ हवाई अड्डे पर, 20 जवानों ने की पैराशूट से लैंडिंग

 उत्तरकाशी चिन्यालीसौड़ हवाई अड्डे पर वायु सेना का गगन शक्ति सैन्य अभ्यास जारी है। आज सोमवार को बीस जवानों ने हवाई अड्डे पर एएन 32 विमान से 18000 फीट की ऊंचाई से पैराशूट से लैंडिंग की।

चिन्यालीसौड़ हवाई अड्डे पर वायुसेना ने रविवार को भी गगन शक्ति के तहत हवाई सैन्य अभ्यास किया। वायुसेना के मालवाहक विमान एएन 32 ने रनवे पर लैंडिंग व टेकऑफ किया। आगरा एयरबेस से पहुंचे दो एनएन 32 विमानों ने आसमान में करीब एक घंटे तक अभ्यास किया।

10 अप्रैल तक किया जाएगा गगन शक्ति हवाई सैन्य अभ्यास

वायुसेना की ओर से एक से 10 अप्रैल तक गगन शक्ति हवाई सैन्य अभ्यास किया जाएगा। वायुसेना के लड़ाकू विमान और हेलिकॉप्टर राजस्थान के पोखरण से पश्चिमी व उत्तरी सीमा क्षेत्र में अभ्यास के लिए पहुंच रहे हैं।

वायुसेना के गोरखपुर एयरबेस से दो एमआई 17 हेलिकॉप्टर भी हेलीपैड पर पहुंचे हैं। रविवार को दोनों एमआई 17 हेलिकॉप्टरों ने साढ़े नौ बजे टिहरी की ओर उड़ान भरी। वहीं, आगरा एयरबेस से पहुंचे एएन 32 विमान ने सुबह साढ़े आठ और साढ़े 10 बजे दोबारा आसमान में अभ्यास किया।

India

Apr 08 2024, 12:56

दिल्ली शराब घोटाले में जेल में बंद केसीआर की बेटी के कविता की जमानत याचिका खारिज

दिल्ली शराब घोटाले में जेल में बंद केसीआर की बेटी के कविता की जमानत याचिका खारिज हो गई है। राउज एवेंन्यू कोर्ट ने आज मामले में सुनवाई में यह फैसला सुनाया। बीआरएस एमएलसी के कविता ने अपने बेटे की स्कूल परीक्षाओं को आधार बनाकर अंतरिम जमानत मांगी थी। बता दें कि शराब घोटाला मामले में वो ईडी की रिमांड के बाद न्यायिक हिरासत में हैं।

इससे पहले राउज एवेंन्यू कोर्ट ने दिल्ली शराब घोटाले की आरोपी के कविता की अंतरिम जमानत याचिका पर 4 अप्रैल को सुनवाई कर ली थी। कोर्ट ने अपना फैसला सुरक्षित रखा था। आज अदालत ने कविता की जमानत अर्जी खारिज कर दी। बता दें कि दिल्ली शराब घोटाला मामले में हाल ही में दिल्ली सीएम अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी हुई है। इससे पहले मनीष सिसोदिया, सतेंद्र जैन की भी गिरफ्तारी हो चुकी है। हालांकि कुछ दिन पहले आप नेता संजय सिंह जमानत पर बाहर आए हैं।

सीबीआई पूछताछ के खिलाफ भी कोर्ट का रुख

कथित दिल्ली शराब नीति घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तार बीआरएस नेता के कविता ने शनिवार को सीबीआई पूछताछ के खिलाफ अदालत का रुख किया। के कविता ने सीबीआई को पूछताछ की दी गई अनुमति वापस लेने का अनुरोध किया है। बता दें कि शराब नीति मामले में भ्रष्टाचार की जांच सीबीआई कर रही है।

कविता के वकील नितेश राणा ने अदालत को बताया कि सीबीआई ने ‘उनके पीठ पीछे’ उनसे पूछताछ करने की अनुमति मांगने वाली याचिका दायर करके कानून की उचित प्रक्रिया को विफल कर दिया। राणा ने कहा, ‘‘मुझे गंभीर आशंका है कि अदालत से अनुकूल आदेश प्राप्त करने के लिए सीबीआई ने सही तथ्यों का खुलासा नहीं किया होगा।’’

उन्होंने अदालत से आग्रह किया कि कविता से न्यायिक हिरासत में पूछताछ की अनुमति देने वाले उसके शुक्रवार के आदेश को तब तक स्थगित रखा जाए जब तक कि उनका पक्ष नहीं सुना जाता। अदालत ने दलील सुनी और सीबीआई द्वारा कविता की याचिका पर जवाब देने के लिए समय मांगने के बाद मामले को 10 अप्रैल तक सुनवाई के लिए टाल दिया।

India

Apr 08 2024, 12:55

80 साल की उम्र में पहली बार बुजुर्ग ने मनाया अपना जन्मदिन, जश्न के बाद हो गई मौत

मध्य प्रदेश के खरगोन से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है यहाँ 80 वर्ष पश्चात् एक वृद्ध ने अपना पहला जन्मदिन मनाया। इस दिन वृद्ध ने परिजनों के साथ केक काटा, खूब नाचे और खुशी मनाई। रात 11 बजे तक उन्हें बधाई देने वालों का सिलसिला जारी रहा। वहीं 3 बजे वृद्ध ने दुनिया को अलविदा कह दिया। प्राप्त खबर के मुताबिक, खरगोन के पहाड़सिंहपुरा निवासी 80 वर्षीय नारायण सिंह रघुवंशी ने जीवन में पहली बार अपना जन्मदिन मनाया। रात 12 बजे रात तक रघुवंशी समाज के लोग एवं मित्र बधाई देने आते रहे। धूमधाम से बाजे गाजे के साथ नाचते हुए पहली बार 80 वर्षीय नारायण रघुवंशी ने जन्मदिन मनाया था।

वही इसके चलते बाकायदा योग टोली टीम के सदस्यों के साथ केक काटा। ढोल ताशों के साथ उत्साह, उमंग एवं मस्ती के साथ जन्मदिन मनाया। जन्मदिन पर समाज के वरिष्ठजन और टोली के मनोज रघुवंशी, दिनेश रघुवंशी, मोहन रघुवंशी समेत सैकड़ों लोग बधाई देने पहुंचे थे। रात 3 बजे अचानक हार्ट दिल का दौरा पड़ा तथा उन्होंने दुनिया को अलविदा कह दिया। बुजुर्ग का कुंदा स्थित मुक्तिधाम में अंतिम संस्कार किया गया, जहां वे योग किया करते थे। उनकी अंतिम यात्रा में बड़े आंकड़े में लोगों ने सम्मिलित होकर श्रद्धांजलि दी।

नारायण रघुवंशी रोज प्रातः हनुमान मंदिर पर मस्ती की योग टोली के साथ योग करते थे। जीवन में कभी जन्मदिन नहीं मनाया था। पहली बार योग टोली के साथियों ने उनके घर जाकर केक काटकर जन्मदिन मनाया था। इसी के पश्चात् रात में उन्होंने दुनिया को अलविदा बोल दिया। मनोज रघुवंशी ने कहा कि समाजसेवी नारायण सिंह रघुवंशी स्वस्थ थे। उनकी दिनचर्या भी अच्छी थी। उम्र अवश्य 80 वर्ष थी, मगर वे मस्ती की टोली में रोज सुबह 6 बजे सम्मिलित होकर योग करते थे। 6 महीने से वह योग के साथ जुड़े थे। किसी ने सोचा नहीं था कि जन्मदिन के दिन उन्हें बधाई देने जाएंगे और वो उसी दिन चले जाएंगे।